नागपुर , जुलाई 17 -- शिवसेना (यूबीटी) नेता एवं राजयसभा संजय राउत ने शुक्रवार को दावा किया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में होने वाले अगामी फेरबदल में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को केंद्र सरकार में भेजा जा सकता है और उनकी जगह भाजपा के किसी वरिष्ठ नेता को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

श्री राउत अयोध्या राम मंदिर के लिए दिए गए दान के कथित दुरुपयोग के खिलाफ़ 18 जुलाई को होने वाले पार्टी के 'राम रक्षा आंदोलन' से पहले नागपुर में पत्रकारों से बात कर रहे थे। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल की संभावना की बात करते हुए श्री राउत ने कहा कि श्री फडणवीस को कोई केंद्रीय भूमिका दी जा सकती है। उन्होंने कहा, "अगर केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल होता है, तो श्री फडणवीस को दिल्ली में देश की सेवा करने के लिए बुलाया जा सकता है और भाजपा का कोई वरिष्ठ मंत्री महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री रूप में कार्यभार संभाल सकता है।"श्री राउत ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) ने राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर जवाबदेही की मांग करने के लिए 'राम रक्षा आंदोलन' शुरू किया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समेत सभी हिंदुत्ववादी संगठनों को निमंत्रण भेजा गया है। उन्होंने कहा, "हमने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को कार्यक्रम में आशीर्वाद देने के लिए आमंत्रित किया है। अगर वह शामिल नहीं हो पाते हैं तो हमने उनसे अपना प्रतिनिधि भेजने का अनुरोध किया है। भाजपा नेताओं, विधायकों और अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी निमंत्रण भेजा गया है।"उन्होंने कहा कि विदर्भ क्षेत्र के सभी 11 ज़िलों से राम भक्त और सेना (यूबीटी) के कार्यकर्ता इस आंदोलन में शामिल होंगे।

नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' के विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री राउत ने इस मामले पर केंद्र सरकार की चुप्पी की आलोचना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित