नागपुर , जुलाई 17 -- शिवसेना (यूबीटी) नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत को एक पत्र लिखकर उन्हें 18 जुलाई को नागपुर में पार्टी के 'रामरक्षा' अभियान में शामिल होने का न्योता दिया।

श्री राउत ने अपने पत्र में राम मंदिर में कथित वित्तीय गड़बड़ियों का ज़िक्र किया और श्री भागवत से अभियान में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मकसद जागरूकता फैलाना और भगवान राम की पवित्रता की रक्षा करना है। उन्होंने यह दावा करते हुए कि आरएसएस ने अयोध्या राम मंदिर में दान के पैसे की कथित हेराफेरी पर दुख जताया था, कहा कि कथित चोरी के मामले में मुख्य आरोपी के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

श्री राउत ने लिखा, "अयोध्या में हुई चोरी की घटना से हिंदुओं की आस्था और भरोसे को गहरी चोट पहुंचाई है। हिंदू समाज को फिर से एकजुट और ऊर्जावान बनाने की ज़रूरत है।"शिवसेना नेता ने श्री भागवत को कार्यक्रम में आमंत्रित करते हुए कहा कि पार्टी ने अयोध्या राम मंदिर में कथित चोरी के मामले को लेकर हिंदुओं को जगाने के लिए पूरे महाराष्ट्र में 'रामरक्षा' अभियान शुरू किया है, और इसका दूसरा चरण नागपुर में आयोजित किया जायेगा।

यह कार्यक्रम 18 जुलाई को शाम 4:30 बजे नागपुर के रामनगर स्थित राम मंदिर में पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में आयोजित किया जायेगा।

श्री राउत ने संघ प्रमुख से कार्यक्रम में शामिल होने वाले भक्तों को आशीर्वाद देने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित