मुंबई , जून 09 -- महाराष्ट्र प्रदेश भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने मंगलवार को शिवसेना नेता संजय राउत को औरंगजेब के मकबरे पर जाकर आत्ममंथन करने को कहा।
श्री राउत ने प्रधानमंत्री मोदी को केदारनाथ की तीर्थयात्रा पर जाने और आत्ममंथन करने की सलाह दी थी।
पार्टी कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुये श्री बन ने सुझाव दिया कि इंडिया गठबंधन के नेताओं को भी मुगल सम्राट के मकबरे का दौरा करना चाहिये, क्योंकि औरंगजेब का महिमामंडन करना ही एकमात्र ऐसा काम है जिसे करने में वे सक्षम हैं।
श्री बन ने 12 वर्षों तक प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करके जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस न करने पर सवाल उठाने के लिए श्री राउत हमला किया। उन्होंने कहा, "राउत, जो पिछले पांच वर्षों से लगभग हर सुबह मीडिया को संबोधित कर रहे हैं, उन्हें महाराष्ट्र को बिल्कुल यह बताना चाहिए कि उनके पास इसके बदले दिखाने के लिए क्या उपलब्धियां हैं।" उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व को 140 करोड़ भारतीयों ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने, तीन तलाक को समाप्त करने और राम मंदिर निर्माण के सदियों पुराने सपने को पूरा करने का साहस था।
उन्होंने कहा, "चूंकि प्रधानमंत्री और उनके कैबिनेट सहयोगी केदारनाथ का सम्मान करते हैं, इसलिए वे इस पवित्र स्थल पर जाते हैं और आत्मचिंतन करते हैं।"श्री बन ने कहा कि जहां जवाहरलाल नेहरू ने अपनी संपत्ति देश को दान कर दी थी, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने परिवार के लिए एक रुपया भी नहीं कमाया है। श्री बन के अनुसार, श्री मोदी ने अपने जीवन के पिछले 25 वर्ष देश की सेवा में समर्पित कर दिये हैं, कोई व्यक्तिगत लाभ नहीं चाहा है और उन्होंने 'मातोश्री 2' का निर्माण नहीं किया। इसके बाद उन्होंने श्री राउत को चुनौती दी कि वे जवाब दें कि सत्ता में आने के बाद "मातोश्री 2" किसने बनाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित