बिलासपुर , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक राइस मिल में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। काम के दौरान धान की ऊंची छल्ली गिरने से एक मजदूर की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों में डर का माहौल बन गया।
दरअसल, मृतक का नाम राकेश केंवट था जो ग्राम खपरी का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से भवानी राइस मिल में हमाल के रूप में काम कर रहा था। गुरुवार शाम वह मिल में धान की बोरियों के पास काम कर रहा था, तभी अचानक ऊंचाई पर रखी धान की छल्ली गिर गई और वह उसके नीचे दब गया। घटना इतनी अचानक हुई कि राकेश को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की और काफी मेहनत के बाद बोरियों को हटाकर बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तुरंत तखतपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित