रांची , मई 06 -- झारखंड की राजधानी रांची के रिंग रोड स्थित मनातू इलाके में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए।

सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों से मिली मिली जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद से एक परिवार कार में सवार होकर रांची में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आ रहा था। इसी दौरान तितला ब्रिज के पास सामने से आ रहे एक बोरिंग ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर ही पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार सभी लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और गलत दिशा से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित