रांची , सितंबर 19 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में आगामी 26 सितंबर को चंदा चोरी के मुद्दे एवं एमएमडीआर संशोधन बिल के विरोध में प्रस्तावित लोक भवन मार्च एवं प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर आज सभी जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण जूम बैठक आयोजित की गई।

बैठक में 26 सितंबर के कार्यक्रम को व्यापक एवं प्रभावी बनाने को लेकर जिलावार तैयारियों की समीक्षा की गई। सभी जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों से उनके क्षेत्रों की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा कार्यक्रम को लेकर किए जा रहे जनसंपर्क के संबंध में जानकारी ली गई और सुझाव भी प्राप्त किए गए।

प्रदेश अध्यक्ष कमलेश ने निर्देश दिया कि जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से संपर्क अभियान चलाएं तथा अधिक से अधिक कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी जिला संगठन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।

बैठक में विशेष रूप से यह तय किया गया कि 26 सितंबर के कार्यक्रम को लेकर पार्टी के मुद्दों को मीडिया, सोशल मीडिया तथा जनसंपर्क के माध्यम से व्यापक रूप से जनता तक पहुंचाया जाए। जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया।

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन से जुड़े प्रावधानों और झारखंड के खनिज संसाधनों एवं राजस्व से संबंधित अधिकारों को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखेगी। प्रदेश कांग्रेस ने 26 सितंबर के लोक भवन मार्च को इसी क्रम में आयोजित करने की घोषणा की है।

प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में हुई इस बैठक में सभी जिलों से मिले सुझावों और तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन की एकजुटता, बेहतर समन्वय और व्यापक जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।

जूम मीटिंग में उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी, सोशल मीडिया चेयरमैन गजेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा, परविंदर सिंह सुखेर, भगत संतोष सिंह, बरकत खान, अब्दुल्ला, सतीश केडिया, सोनाराम सिंकू, भूषण बाडा, दीपिका बेसरा, जे पी पटेल, राजेंद्र दास, जिला प्रभारी में राकेश किरण महतो, शशि भूषण राय, विनय सिंह दीपू, शकील अख्तर, शिवकुमार भगत, संजय मुन्नंन इत्यादि मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित