रांची , सितंबर 10 -- झारखंड की राजधानी रांची में आगामी त्योहारों और अक्टूबर में होने वाले क्रिकेट मैच को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है।

शुक्रवार को एसपी ट्रैफिक की अध्यक्षता में हुई बैठक में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। बैठक में डीएसपी ट्रैफिक, ट्रैफिक थाना प्रभारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में गणेश पूजा, करमा पूजा, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान शहर में जाम से निपटने और यातायात सुचारू रखने की रणनीति बनी। अक्टूबर में प्रस्तावित क्रिकेट मैच को लेकर भी ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा गया।

इन पर होगी सख्त कार्रवाई -ट्रैफिक पुलिस ब्लैक फिल्म, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, रैश ड्राइविंग और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगी। ओवरलोडिंग, बिना यूनिफॉर्म के ऑटो-टोटो चलाने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर भी कार्रवाई होगी।

नंबर प्लेट पर टेप लगाकर नंबर छिपाने या गलत तरीके से नंबर लिखने वालों पर विशेष नजर रहेगी। लेफ्ट फ्री मार्गों पर वाहन खड़ा करने और चौक-चौराहों पर ऑटो-टोटो लगाने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

सड़क किनारे दुकानों और ठेलों के अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम के साथ संयुक्त अभियान चलेगा। बारिश में जाम वाले पॉइंट्स पर क्यूआरटी और अभियान टीम तैनात रहेगी। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय संबंधित थाना प्रभारी खुद फील्ड में मौजूद रहेंगे। एसपी ट्रैफिक ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आदेश दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित