रांची , अप्रैल 09 -- झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि आगामी 2 से 3 सितंबर 2026 तक रांची में "मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता पंजी" सम्बंधित विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाना है।
इसके लिए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर लें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अन्य देशों के प्रबुद्ध जनों एवं निर्वाचन प्रबंधन इकाइयों के प्रतिनिधियों द्वारा भी भाग लिया जाना है इसके लिए सभी स्तर पर तैयारियों की रूपरेखा तैयार कर ली जाए। श्री कुमार आज निर्वाचन सदन से अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की सह संयोजक एवं नॉलेज पार्टनर संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
श्री कुमार ने कहा कि शोधार्थियों और विशेषज्ञों के लिए शोध-पत्रों के आमंत्रण के लिए एक निश्चित समय-सीमा तय की गई है। इसके अंतर्गत एब्सट्रैक्ट सबमिशन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है, जबकि जमा किए गए एब्सट्रैक्ट की स्वीकृति की सूचना 17 मई तक दी जाएगी। इसके पश्चात प्रतिभागियों को 24 जुलाई तक अपना पूर्ण शोध-पत्र जमा करना होगा, ताकि उन्हें 2-3 सितंबर को होने वाले मुख्य सम्मेलन में सम्मिलित किया जा सके। इस पूरे कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी, पंजीकरण प्रक्रिया और विषयों की सूची के लिए विभाग द्वारा आधिकारिक वेबसाइट www.icvrvr.org जारी की गई है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक शोधार्थियों एवं प्रबुद्ध जनों से शोधपत्र प्राप्त हों इसके लिए इसका वृहत प्रचार करें।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, संत जेवियर्स कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बी. के. सिन्हा एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आशुतोष कुमार पाण्डेय सेंट्रल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर आलोक गुप्ता एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अपर्णा उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित