रांची , जनवरी 19 -- भारत सरकार के गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस (जेम) द्वारा आयोजित 'जेम एक्सिलेंस इवेंट' झारखंड के प्रोजेक्ट बिल्डिंग, धुर्वा, रांची में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस एकदिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड के सरकारी खरीदारों एवं राज्य आधारित विक्रेताओं को जेम की नई सुविधाओं, प्रक्रियाओं और सुधारों से परिचित कराते हुए सार्वजनिक खरीद को अधिक पारदर्शी, दक्ष और डिजिटल बनाना था, ताकि राज्य में जेम के माध्यम से खरीद को और अधिक मजबूत किया जा सके।

कार्यक्रम में मिहिर कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जेम, झारखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों में अमित कुमार, सचिव, वाणिज्य कर विभाग, अबू इमरान, सचिव, वित्त विभाग (व्यय), संदीप सिंह, विशेष सचिव, वित्त विभाग, किरण कुमारी पासी, निदेशक, सामाजिक कल्याण निदेशालय, सरकारी खरीदार, विक्रेता एवं जेम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अमरदीप गुप्ता, निदेशक- जेम के स्वागत संबोधन से हुआ। इसके बाद झारखंड में जेम के प्रदर्शन पर एक प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर मिहिर कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जेम, अमित कुमार, सचिव (वाणिज्य कर विभाग) झारखंड सरकार ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित किया।

अपने वक्तव्य में श्री मिहिर कुमार ने कहा कि जेम पर कैटेगरी आधारित खरीद व्यवस्था ने सार्वजनिक खरीद को अधिक सुव्यवस्थित, तेज और प्रभावी बनाया है। यह पहल सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों, स्टार्टअप्स और स्थानीय उद्यमियों के लिए एक बड़ा अवसर और मजबूत प्रोत्साहन साबित हो रही है। जेम खरीद में किसी ब्रांड को खास प्राथमिकता नहीं दी जाती। इससे सभी विक्रेताओं को बराबर मौका मिलता है, प्रतिस्पर्धा बढ़ती है और सरकार को उचित व बेहतर कीमत पर सामान/सेवा खरीदने में मदद मिलती है। साथ ही, उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए जेम ने आंतरिक मार्केट इंटेलिजेंस टीम को सशक्त किया है, जो कीमतों की 'प्राइस सैनीटी' पर निरंतर काम करती है। भविष्य में एआई एमएल जैसी उन्नत तकनीकों के उपयोग से जेम खरीद प्रक्रिया को और अधिक स्मार्ट, डेटा-आधारित और पारदर्शी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

झारखंड में जेम के माध्यम से डिजिटल सार्वजनिक खरीद लगातार मजबूत हो रही है। राज्य में अब तक जेम पर लगभग Rs.7,900 करोड़ के ऑर्डर वैल्यू के साथ 1.5 लाख से अधिक ऑर्डर्स पूरे हो चुके हैं। बीते तीन वर्षों में झारखंड, ऑर्डर वैल्यू के आधार पर जेम पर देश के शीर्ष 10 राज्यों में शामिल रहा है, जो राज्य में पारदर्शी और तकनीक-सक्षम खरीद व्यवस्था के प्रति बढ़ते भरोसे और प्लेटफार्म के अपनाने को दर्शाता है।

इसके साथ ही जेम ने राज्य के विक्रेताओं को राज्य के अलावा व्यापक व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराए हैं। जहां उन्हें झारखंड के खरीदारों से Rs.3,172 करोड़, अन्य राज्यों से Rs.704 करोड़ तथा केंद्रीय मंत्रालयों/सीपीएसई से Rs.42,532 करोड़ के ऑर्डर प्राप्त हुए हैं। इस तरह कुल मिलाकर झारखंड के विक्रेताओं द्वारा जेम पर Rs.46,407 करोड़ का कारोबार किया गया है, जिसमें सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के विक्रेताओं का योगदान Rs.26,569 करोड़ रहा है।

कार्यक्रम में जेम पर सबसे अधिक खरीद करने वाले झारखंड के विभागों और बेहतर प्रदर्शन करने वाले झारखंड के विक्रेताओं को सम्मानित किया गया। यह सम्मान केवल खरीद के आंकड़ों के लिए नहीं, बल्कि पारदर्शी प्रक्रिया, गुणवत्ता और प्रभावी कार्य-निष्पादन की पहचान के रूप में दिया गया।

सम्मान समारोह के दौरान खरीदार श्रेणी में जीएमवी (सकल व्यापारिक मूल्य) के उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग को सिल्वर, आईटी विभाग को गोल्ड तथा खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग को प्लैटिनम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं सेवा खरीद में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए आईटी विभाग को प्लैटिनम, और झारखंड आधारित सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से खरीद के लिए खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग को प्लैटिनम सम्मान प्रदान किया गया।

इसी अवसर पर विक्रेताओं में सेवा श्रेणी की महिला उद्यमी के अंतर्गत रविन्द्र एंटरप्राइज़ेज़ को प्लैटिनम पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही सेवा श्रेणी- सूक्ष्म एवं लघु उद्यम में नूरावी इम्पोर्ट्स एंड एक्सपोर्ट्स प्रा. लि. को प्लैटिनम पुरस्कार से सम्मानित किया गया तथा स्टार्टअप श्रेणी में निलयनारायण पॉलीकेम एलएलपी को प्लैटिनम पुरस्कार प्रदान किया गया।

उद्घाटन सत्र के बाद झारखंड सरकार के खरीदारों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए गए। इनमें वस्तुओं और सेवाओं की खरीद से जुड़े नए फीचर्स और प्रक्रियाओं पर आसान भाषा में जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया। झारखंड के विक्रेताओं के लिए जेम सेलर संवाद नाम से विशेष सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें जेम के माध्यम से सरकारी खरीद में भागीदारी बढ़ाने, प्रक्रियाओं को समझने तथा प्रश्न-उत्तर के माध्यम से समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला।

इस अवसर पर ए.बी. चव्हाण, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जेम ने विक्रेताओं को संबोधित किया और जेम प्लेटफ़ॉर्म पर बेहतर सहभागिता हेतु आवश्यक पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि जेम झारखंड में सार्वजनिक खरीद को अधिक प्रभावी बनाने, उपयोगकर्ताओं को बेहतर अनुभव देने तथा राज्य के विक्रेताओं को पैन-इंडिया अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित