रांची , जून 28 -- झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र पुलिस ने शातिर अपराधी खालिद उर्फ खालिद बंगाली को गिरफ्तार किया है।
वह 10 जून को सामलौंग में एक व्यक्ति पर गोली चलाकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में फरार चल रहा था। आरोपी के कब्जे से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के सूत्रों के अनुसार, 10 जून को नामकुम थाना क्षेत्र के सामलौंग स्थित अराफात अपार्टमेंट के पास खालिद बंगाली ने मोहम्मद शमशेर आलम पर गोली चला दी थी। गोली लगने से शमशेर गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घायल शमशेर आलम और उसके पिता सऊद आलम के साथ आरोपी खालिद का जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी मारपीट हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश का बदला लेने की नीयत से खालिद ने शमशेर पर जानलेवा हमला किया।
रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी-1 अमर पांडेय ने आज बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम के कुटियातु स्थित 89 आर्मी ग्राउंड के पास कुछ अपराधी एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर वहां मौजूद दो लोग अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर खालिद बंगाली को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित