रांची , अगस्त 31 -- झारखंड के राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के मंडा बगीचा में कल देर रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में फायरिंग की घटना सामने आई है।

गोली लगने से टोनी लोहरा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी है। घायल युवक को इलाज के लिए रिम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

टोनी लोहरा मूल रूप से रातू के कमड़े का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंडा बगीचा इलाके में रविवार देर रात कई युवक जुटकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली लगने से टोनी लोहरा घायल हो गया। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी युवक वहां से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी और बरियातू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस फायरिंग में शामिल युवकों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित