रांची , जुलाई 09 -- झारखंड पुलिस ने राजधानी रांची में होने वाली ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियाँ तेज कर दी हैं।
राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने गुरुवार को रांची के जगन्नाथ मंदिर का निरीक्षण कर रथ यात्रा से जुड़े सुरक्षा और व्यवस्थापकीय इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीजीपी श्रीमती मिश्रा ने मंदिर परिसर, रथ यात्रा मार्ग, श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास के मार्ग, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष तथा संवेदनशील स्थानों का विस्तृत मुआयना किया। इस मौके पर रांची एसएसपी, सिटी एसपी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने डीजीपी को रथ यात्रा के लिए तैयार की गई सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी।
श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, अग्निशमन सेवा और त्वरित कार्रवाई के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए। इसके अलावा उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने, ड्रोन कैमरों के उपयोग और सादे लिबास में तैनात पुलिसकर्मियों से चौकसी बढ़ाने के निर्देश भी जारी किए।
निरीक्षण के बाद डीजीपी ने मंदिर समिति के सदस्यों से संवाद भी किया और उनके सुझावों को सुनने के बाद उपयुक्त उपाय लागू करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि सभी प्राप्त सुझावों पर विचार कर जो कारगर होंगे उन्हें अविलंब लागू किया जाए ताकि रथ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटा जा सके।
राजधानी रांची में आयोजित होने वाली रथ यात्रा और रथ मेले के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग समेत सभी व्यवस्थाओं को अंतिम चरण में बताया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियंत्रण कक्ष चालू रहेंगे तथा आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य तुरंत किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित