रांची , जून 04 -- झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में युवक रोहित की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विकास साहू को गिरफ्तार कर लिया है। इस केस में अब तक कुल दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रोहित पर कथित तौर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी थी। हमले में गंभीर रूप से घायल रोहित को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंखमंदरो बाजार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नामजद समेत सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मृतक रोहित भाजपा नेता कमलेश राम का भांजा था। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हत्या के कारणों तथा घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित