रांची , मार्च 23 -- झारखंड की राजधानी रांची स्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय में सोमवार को शहीद स्मृति दिवस के अवसर पर 'साम्राज्यवाद-विरोधी दिवस' (एंटी इम्पीरियलिस्ट डे) मनाया गया।

इस दौरान भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सीपीआई के राज्य कार्यकारणी सदस्य सह जिला मंत्री अजय सिंह ने शहीद ए आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित और श्रद्धांजलि दिया और संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह से अमेरिकी साम्राज्यवाद और इजरायल गठजोड़ का ईरान पर हमला किया गया है उसकी कड़ी निंदा की गई।

उन्होंने कहा कि ईरान पर यह हमला, ईरान के हाइड्रोकार्बन संसाधनों पर कब्ज़ा करने और साम्राज्यवाद के लालच में पूरे मध्य-पूर्व को युद्ध की आग में झोंकने का एक प्रयास है । शहीद ए आजम भगत सिंह साम्राज्यवादी नीतियों का पूर जोर विरोध करते हुए कहते थे , कि दुनिया में समता मूलक समाज का निर्माण करना चाहिए । मानव को मानव जाति का सम्मान करना चाहिए, देश में शांति और सौहार्द बना रहना चाहिए। शहीद ए आजम भगत सिंह युवाओं के प्रेरणास्रोत थे।

श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने आज तक उन्हें शहीद का दर्जा नहीं प्रदान किया है यह दुखद है , जबकि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की सरकार ने शहीद ए आजम भगत सिंह को शहीद का दर्जा दे दिया है। भारत सरकार को भी जल्द से जल्द शहीद ए आजम का दर्जा देना चाहिए। जिस तरह से पूरी दुनिया में साम्राज्यवादी नीतियों को आगे बढ़ाने में लगी है। इस दौर में पूरी दुनिया शहीद ए आजम भगत सिंह के विचारों के आत्मसात कर रही है। इसलिए वर्तमान समय में इनके विचार ज्यादा प्रासंगिक है।

इस अवसर पर जैनेंद्र कुमार भंते, नागो चौधरी मनोज ठाकुर, अरुण कुमार , प्रेम प्रकाश, श्यामल, महेंद्र ,राजेश यादव, चंदन कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित