रांची , मई 26 -- झारखंड राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर मंगलवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई और देखते ही देखते विवाद झड़प में बदल गया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी जानकारी के अनुसार, एनएसयूआई कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बहस हो गई। बहस बढ़ने पर दोनों संगठनों के छात्र नेता और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा, पुंदाग समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। झड़प में दोनों पक्षों के कुछ कार्यकर्ताओं को चोट लगने की भी खबर है। एहतियात के तौर पर भाजपा कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित