रांची , मई 07 -- झारखंड के रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित निजाम नगर में गुरुवार को 11,000 वोल्ट (हाई टेंशन) बिजली की तार की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
समीर की मौत के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बड़ा तालाब के पास सड़क जाम कर हंगामा किया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से युवक 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि समीर की मौत बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से हुई है। समीर के परिजनों ने बताया कि वह छत पर कुछ काम से गया था। तभी 11 हजार वोल्ट के तार में शट हो गया, जिसकी वजह से मौके पर उसकी मौत हो गई।
जैसे ही लोगों को करंट लगने की जानकारी मिली, लोग इकट्ठा होने लगे और बड़ा तालाब के पास सड़क जाम कर दिया। स्थानीय लागों का आरोप है कि बिजली विभाग को बार बार शिकायत करने के बाद भी तार नहीं हटाया गया और बिजली विभाग की लापरवाही से इतनी बड़ी घटना घट गई। इस मौत के लिए बिजली विभाग जिम्मेदार है।
लोगों द्वारा सड़क पर हंगामा करने की सूचना पर हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद और स्थानीय पार्षद असलम मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। काफी देर तक स्थानीय लोग मुआवजे की मांग और बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने पर अड़े रहे लेकिन बाद में पुलिस के समझाने बुझाने के बाद लोग जाम से हट गए।
हिंदपीढ़ी के थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद ने बताया कि आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया था जिन्हें समझा बुझाकर जाम को क्लियर करवा दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित