रांची , सितंबर 05 -- झाऱखंड की राजधानी रांची के शहर के हरमू क्षेत्र स्थित चेतन टोली निवासी निर्माण मजदूर राम लोहरा (पिता-मंगरा लोहरा) की आज रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।
वे 4 सितंबर को निर्माण कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी राजेश अग्रवाल के मकान में ठेकेदार आजाद अंसारी की देखरेख में चल रहे निर्माण कार्य में राम लोहरा काम कर रहे थे। इसी दौरान वे दुर्घटना का शिकार हो गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था। घटना के संबंध में उनकी बहन द्वारा हरमू थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड निर्माण मजदूर यूनियन के दर्जनों नेता एवं कार्यकर्ता घायल मजदूर के इलाज से लेकर उनके अंतिम संस्कार तक की पूरी प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल रहे। यूनियन ने पीड़ित परिवार को न्याय एवं उचित मुआवजा दिलाने के लिए लगातार पहल की।
यूनियन के दबाव और हस्तक्षेप के बाद ठेकेदार की ओर से मृतक मजदूर के परिजनों को मुआवजा राशि के रूप में Rs.2 लाख का भुगतान करने पर सहमति बनी है। इसके लिए दोनों पक्षों के बीच समझौता भी किया गया है।
झारखंड निर्माण मजदूर यूनियन ने निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने तथा दुर्घटना की स्थिति में मजदूरों और उनके परिजनों को उचित मुआवजा एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस पूरी प्रक्रिया में यूनियन की ओर से रमेश रवि, भीम साहू, राजू महतो, कुंदन कुमार, छोटे लाल मिस्त्री, दिपता उरांव, वीरू लोहरा, राजमनी उरांव, राज कुमार लोहरा, लक्ष्मी देवी, तेलरी देवी, छोटन लोहरा सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता सक्रिय रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित