रांची , मई 09 -- झारखंड की राजधानी रांची में अवैध नकली विदेशी शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1000 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की है।
इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई रांची के सहायक उत्पाद आयुक्त उमाशंकर सिंहके निर्देश पर की गई। छापेमारी के दौरान एक आरोपी राहुल नायक को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद विभाग की टीम ने नगड़ी, रातु और धुर्वा थाना क्षेत्र में एक साथ दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब बरामद की गई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बरामद शराब को दूसरे जिले से रांची लाकर शहर के विभिन्न इलाकों में खपाने की तैयारी की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान विभाग ने एक कार और दो पिकअप वैन समेत कुल तीन वाहनों को भी जब्त किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
उत्पाद विभाग ने संकेत दिया है कि राजधानी और आसपास के इलाकों में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित