रांची , जून 22 -- झारखंड की राजधानी रांची में यातायात नियमों की अनदेखी लगातार जारी है।
ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 21 जून 2026 के बीच 82,423 वाहन चालकों पर विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण जुर्माना लगाया गया। जिले में करीब 18 लाख वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें लगभग 15.5 लाख दोपहिया और 2.5 लाख चारपहिया वाहन शामिल हैं।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई। केवल 21 जून को ही 2,518 वाहन चालक बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इसी दिन कुल 4,886 वाहन चालकों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की गई।
शहर में नो पार्किंग भी बड़ी समस्या बनी हुई है। 21 जून को 2,185 चारपहिया वाहन चालकों पर प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा करने के कारण जुर्माना लगाया गया। इससे स्पष्ट है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की चुनौती लगातार बनी हुई है।
पुलिस-प्रशासन द्वारा नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में चालान काटे जा रहे हैं। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों की संख्या में अपेक्षित कमी नहीं आ रही है।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि प्रमुख उल्लंघनों में बिना हेलमेट वाहन चलाना, रेड लाइट जंप करना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना, नो एंट्री में प्रवेश करना, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना शामिल हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, जिम्मेदार नागरिक बनने और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित