रांची , सितंबर 04 -- झारखंड की राजधानी रांची में पुलिसकर्मियों की फायरिंग दक्षता और ऑपरेशनल तत्परता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को फायरिंग अभ्यास कराया गया।

एसएसपी रांची राकेश रंजन के निर्देश पर बारियातू स्थित जैप-1 ग्राउंड में आयोजित इस अभ्यास में टाइगर मोबाइल के जवानों के अलावा जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।

फायरिंग अभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए हथियारों के सुरक्षित इस्तेमाल और सही संचालन की जानकारी दी गई। जवानों ने लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाने का अभ्यास किया। इसके साथ ही आपात स्थिति में तेजी से और प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने के लिए भी उन्हें प्रशिक्षित किया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नियमित फायरिंग अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल की फायरिंग दक्षता, हथियार संचालन क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और ऑपरेशनल तत्परता को बेहतर करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से जवानों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संयम और दक्षता के साथ कार्रवाई करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

पुलिस का मानना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के दौरान कई बार पुलिसकर्मियों को अचानक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में हथियारों के सुरक्षित और प्रभावी संचालन के साथ-साथ त्वरित निर्णय लेने की क्षमता बेहद महत्वपूर्ण होती है। नियमित प्रशिक्षण से जवानों की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास दोनों में बढ़ोतरी होती है।

रांची पुलिस की ओर से बताया गया कि एसएसपी के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के प्रशिक्षण तथा कौशल विकास पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में फायरिंग अभ्यास जैसे नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पुलिस बल कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़ी किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से प्रभावी ढंग से निपट सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित