रांची , जुलाई 05 -- झारखंड की राजधानी रांची में आगामी जगन्नाथपुर मेला एवं रथ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) की अध्यक्षता में मंदिर समिति के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रथ यात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एडीजी ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने तथा जुलूस और रथ यात्रा मार्ग का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी रखने के साथ-साथ अफवाह फैलाने वालों पर नजर बनाए रखने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा यात्रा के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, कंट्रोल रूम की स्थापना, पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, अग्निशमन एवं आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एग्जिट रूट सुनिश्चित करने तथा महिला एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आम लोगों से भी रथ यात्रा एवं मेले को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात), सभी पुलिस उपाधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी तथा मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित