रांची , अक्टूबर 20 -- झारखंड की राजधानी रांची के कांके इलाके में चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार को रांची पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
मुठभेड़ में अभिषेक के दोनों पैरों में दो गोलियां लगी हैं, और उसे इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ज्ञातव्य है कि अभिषेक ने विवाद के दौरान शनिवार को रेस्टोरेंट में मालिक विजय नाग को गोली मार दी थी। घटना के तुरंत बाद मौके पर ही विजय की मौत हो गई थी। हत्या की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और स्थानीय लोगों ने भी रविवार को जमकर प्रदर्शन किया था। पुलिस पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दबाव बढ़ गया था।
एसएसपी रांची राकेश रंजन ने आज बताया कि अभिषेक हत्या के बाद राज्य छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने परिवार के साथ भागने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने उसे कांके थाना क्षेत्र के आईटीबीपी कैंप के पास घेराबंदी कर दबोच लिया।
जब पुलिस ने अभिषेक को गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी, जवाबी कार्रवाई में अभिषेक दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व पुलिसकर्मी हरेंद्र सिंह और उनके ड्राइवर को भी हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे बिरयानी को लेकर विवाद सामने आया है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं पर भी पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित