रांची , अप्रैल 15 -- झारखंड की राजधानी रांची में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।

इस कार्रवाई में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जो बाहर से हथियार मंगवाकर स्थानीय अपराधियों तक पहुंचाते थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मांडर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विशाल सिंह, अभिषेक शर्मा और करण गोप शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी मंगलवार को मैक्लुस्कीगंज इलाके से पकड़े गए हथियार तस्करों की निशानदेही पर की गई।

ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने आज प्रेस वार्ता में बताया कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड अभिषेक शर्मा है। वह बिहार से अवैध पिस्तौल लाकर रांची के अपराधियों को सप्लाई करता था। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि एक पिस्तौल की कीमत करीब 35 हजार रुपये ली जाती थी।

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन देसी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन और दो टचस्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इससे पहले मंगलवार को मैक्लुस्कीगंज से दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें सोनू अंसारी भी शामिल था। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस को इस बड़े नेटवर्क की अहम जानकारी मिली, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।

फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इसके तार और किन-किन इलाकों तक फैले हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित