रांची , फरवरी 26 -- झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने पंडरा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर दो ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार पैडलर्स के पास से आठ लाख रुपये का एलएसडी ड्रग्स बरामद हुआ है। पैडलर्स के द्वारा ही आठ लाख का नीदरलैंड से एलएसडी ड्रग्स मंगवाया गया था। रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि रांची एसएसपी को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति ने डार्क वेब के माध्यम से मादक पदार्थ का पार्सल मंगवाया है, जो ओझा मार्केट, हेसल के पास डिलीवर होगी।

इस सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। सटीक सूचना के आधार पर ओझा मार्केट पहुंचकर पुलिस की टीम मादक पदार्थ प्राप्त करने वाले शख्स का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान लाल ड्रेस पहना एक स्कूटी सवार युवक आया और पार्सल रिसीव कर लिया। कुछ दूर जाने के बाद पुलिस ने उसे रोका। पूछताछ में युवक ने अपना नाम कुमार अभिषेक बताया।

तलाशी लेने पर उसके पैंट के बाएं जेब से एक सफेद लिफाफा बरामद हुआ, जिसपर 'नीदरलैंड इंटरनेशनल' का टिकट लगा था। लिफाफे में बेल्जियन ग्रीटींस कार्ड मिले, जिसमें 100 पैच का रंग-बिरंगा कागज था। पूछताछ में अभिषेक ने कबूल किया कि यह एलएसडी मादक पदार्थ है, जिसे उसने अविनाश कुमार मिश्र के साथ मिलकर डार्क वेब से क्रिप्टोकरेंसी पेमेंट कर नीदरलैंड से मंगवाया है।

मामले में तुरंत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की मदद ली गई और बरामद मादक पदार्थ की जांच करवाई गई। जांच में सिल्वर पेपर सहित 2.23 ग्राम और शुद्ध एलएसडी 1.74 ग्राम पाया गया। जिसके बाद पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई में अविनाश कुमार मिश्र और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। झारखंड में यह पहली बार हुआ है, जब एलएसडी ड्रग पकड़ा गया है। ऐसे में पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है उसकी पड़ताल में जुट गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित