रांची , अप्रैल 01 -- झारखंड के रांची में पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट और चोरी-छिनतई से जुड़े मामलों का खुलासा किया है।

इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान मोहम्मद इमरान, मोहम्मद सद्दाम, आदिल अंसारी और अली रेयान के रूप में हुई है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डेली मार्केट इलाके में एक व्यक्ति हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध मोहम्मद इमरान को पकड़कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई।

वहीं, बाकी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी अरगोड़ा थाना क्षेत्र से की गई। इस इलाके में पिछले कुछ समय से चेन स्नैचिंग और मोबाइल छिनतई की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं।

इन वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था। जांच के दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद सद्दाम, आदिल अंसारी और अली रेयान को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक मोबाइल और एक वाहन भी जब्त किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोहम्मद सद्दाम पर रांची के चुटिया, डोरंडा, लोअर बाजार, कोतवाली और धुर्वा थाना क्षेत्रों में कुल 11 मामले दर्ज हैं। वहीं आदिल अंसारी के खिलाफ अरगोड़ा थाना में चार मामले दर्ज हैं। अली रेयान पर जगन्नाथपुर थाना और जीआरपी थाना में एक-एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर में हो रही छिनतई और चोरी की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगेगा। साथ ही, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य आपराधिक नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित