रांची , फरवरी 03 -- झारखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष एवं रांची नगर निगम की पूर्व मेयर रमा खलखो ने आज रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाख़िल किया।
नामांकन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थक उत्साहित दिखे। वहीं नामांकन कार्यक्रम में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए रमा खलखो के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया।
श्रीमती खलखो इससे पूर्व भी रांची नगर निगम की मेयर रह चुकी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शहर के विकास, आधारभूत संरचना को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए थे। स्वच्छता व्यवस्था, सड़क निर्माण, जलापूर्ति और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर उनके प्रयासों को शहरवासियों के बीच सराहना मिली थी।
नामांकन के बाद उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि रमा खलखो के अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व से रांची शहर को एक बार फिर नई दिशा मिलेगी। नेताओं ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस एकजुट होकर मैदान में उतरेगी और जनता का विश्वास जीतने में सफल होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित