रांची , मई 22 -- झारखंड हाई कोर्ट ने रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) में महिला कैदी के साथ कथित यौन शोषण के मामले को अत्यंत गंभीर बताया है।
अदालत ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को सुनवाई की। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों में यह आरोप सामने आया है कि होटवार जेल की एक महिला कैदी के साथ जेल अधीक्षक द्वारा यौन शोषण किया गया। रिपोर्टों में मामले को दबाने के प्रयास किए जाने की बात भी कही गई है।
हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता धीरज कुमार ने बताया कि वेकेशन बेंच में इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय एवं न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार और डीजीपी को पूरे प्रकरण पर शपथ पत्र के माध्यम से विस्तृत जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।
खंडपीठ ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 8 जून की तारीख निर्धारित की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित