रांची , जुलाई 16 -- झारखंड की राजधानी रांची के हाईटेक बिल्डर्स, पानस रियल्टर्स और दयानंद मोदी ग्रुप के विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक परिसरों पर आयकर विभाग का सर्वे गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
टीम वित्तीय लेनदेन, आयकर रिटर्न, निवेश, संपत्ति खरीद-बिक्री और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। इस दौरान कंप्यूटर, लैपटॉप, हार्ड डिस्क समेत महत्वपूर्ण दस्तावेजों का भी परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही बैंक खातों और अन्य वित्तीय अभिलेखों का मिलान किया जा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की यह कार्रवाई प्राप्त सूचनाओं और प्रारंभिक जांच के आधार पर की जा रही है। विभाग यह सत्यापित कर रहा है कि कारोबार से संबंधित आय और निवेश का सही विवरण कर विभाग को उपलब्ध कराया गया था या नहीं।
फिलहाल सर्वे जारी है और विभाग ने किसी बरामदगी या कर चोरी से संबंधित आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित