रांची , अप्रैल 08 -- झारखंड की राजधानी रांची का व्यस्ततम सुजाता चौक इन दिनों एक खास वजह से चर्चा में है।

यहां तैनात होमगार्ड जवान अनु मुर्मू अपने अनोखे अंदाज में ट्रैफिक कंट्रोल कर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। आमतौर पर ट्रैफिक जाम लोगों के लिए तनाव का कारण बनता है, लेकिन अनु मुर्मू का काम करने का स्टाइल इस तनाव को मुस्कान में बदल देता है।

साहिबगंज के रहने वाले अनु मुर्मू हाल ही में ट्रैफिक मैनेजमेंट की ट्रेनिंग के बाद रांची में तैनात किए गए हैं। वे सिर्फ पारंपरिक तरीके से हाथ दिखाकर ट्रैफिक नियंत्रित नहीं करते, बल्कि खास डांस स्टेप्स, सीटी बजाने के अलग अंदाज और हाथों के आकर्षक मूवमेंट के जरिए वाहनों को दिशा देते हैं। उनका यह 'स्वैग' न केवल लोगों को प्रभावित करता है, बल्कि ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए भी प्रेरित करता है।

चौराहे पर मौजूद लोग बताते हैं कि अनु मुर्मू की ऊर्जा और सकारात्मकता देखते ही बनती है। जाम में फंसे लोग भी उन्हें देखकर अपनी परेशानी कुछ समय के लिए भूल जाते हैं। कई बार तो राहगीर रुककर उनका वीडियो बनाते हैं और सोशल मीडिया पर साझा करते हैं।

स्थानीय निवासी सुकेश बताते हैं, अनु मुर्मू सिर्फ ट्रैफिक संभालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद के लिए भी हमेशा तत्पर रहते हैं। खासकर जब कोई एम्बुलेंस जाम में फंस जाती है, तो वे तुरंत सक्रिय होकर रास्ता खाली करवाते हैं। उनका यह मानवीय दृष्टिकोण लोगों के दिलों को छू जाता है।

रांची में फिलहाल एक दर्जन से अधिक होमगार्ड जवान विभिन्न चौराहों पर तैनात हैं, लेकिन अनु मुर्मू का अंदाज सबसे अलग और प्रभावशाली माना जा रहा है। अनु मुर्मू का यह अनोखा तरीका यह साबित करता है कि अगर किसी काम को जुनून और सकारात्मक सोच के साथ किया जाए, तो वह न केवल प्रभावी बनता है, बल्कि लोगों के चेहरे पर खुशी भी ला सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित