रांची , फरवरी 24 -- झारखंड की राजधानी रांची के मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (सीयूजे) में मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम पहुंची। इससे परिसर में हड़कंप मच गया।
यह कार्रवाई विश्वविद्यालय में वर्षों पुरानी कथित वित्तीय अनियमितताओं और नियुक्ति प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों से जुड़े मामलों की जांच के तहत हुई। सीबीआई अधिकारियों ने कैंपस के विभिन्न विभागों में दाखिल होकर महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। टीम खासतौर पर भवन निर्माण, फंड आवंटन, ठेकों और 2009-2014 के बीच की पुरानी नियुक्तियों से जुड़ी फाइलों की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह जांच किसी नई घटना से नहीं, बल्कि लंबे समय से लंबित शिकायतों पर आधारित है। विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के शुरुआती दौर से विवादों में रहा है, जहां पूर्व कुलपतियों और अधिकारियों पर नियमों की अवहेलना के आरोप लगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित