रांची , फरवरी 19 -- झारखंड की राजधानी रांची के सिल्ली अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को अमीन गणेश महतो को 8 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

वह जमीन नापी की रिपोर्ट और नक्शा जारी करने के बदले रिश्वत मांग रहा था। यह 2026 में एसीबी रांची का पांचवां ट्रैप केस है। लोवाडीह निवासी शिकायतकर्ता वासुदेव महतो (65 वर्ष) ने एसीबी को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सिल्ली अंचल कार्यालय में तैनात अमीन गणेश महतो उनकी जमीन की नापी रिपोर्ट और नक्शा देने के लिए लगातार घूस की मांग कर रहा था।

शिकायत के अनुसार, वासुदेव ने 16 दिसंबर 2025 को संबंधित जमीन की नापी के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया था। अमीन ने 10 फरवरी 2026 को जमीन की मापी की, लेकिन उसके बाद रिपोर्ट जारी करने के लिए 8 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी। एसीबी ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले का सत्यापन कराया। जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद ट्रैप टीम का गठन किया गया और 19 फरवरी को सिल्ली अंचल कार्यालय में जाल बिछाया गया। जैसे ही आरोपी अमीन ने शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, एसीबी टीम ने उसे मौके पर धर दबोचा।

आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में थाना कांड संख्या 08/26 दर्ज कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि सरकारी कार्यालयों में आम जनता से काम के एवज में रिश्वत लेने की शिकायतें बढ़ रही हैं। ऐसी शिकायतों का सत्यापन कर दोषी को तुरंत गिरफ्तार किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित