रांची , जून 08 -- झारखंड की राजधानी रांची स्थित रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में सोमवार को एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ।
रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय युवक पंकज की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों का कहना था कि अस्पताल में समय पर और समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण युवक की जान चली गई। आक्रोशित लोगों ने ट्रॉमा सेंटर में हंगामा किया तथा डॉक्टरों के साथ धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई। घटना के कारण कुछ समय तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में अस्पताल प्रशासन और अन्य लोगों के समझाने पर परिजन शांत हुए।
वहीं ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सक डॉ. साकेत ने लापरवाही के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मरीज गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार था। उसके शरीर की कई हड्डियां टूट चुकी थीं और अत्यधिक रक्तस्राव हो चुका था। डॉक्टरों की टीम ने इलाज के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
अस्पताल प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगा है, जबकि परिजनों ने घटना की जांच की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित