रांची , मार्च 26 -- झारखंड की राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित पिस्का मोड़ बैंक कॉलोनी में आज दो गुटों के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया।
मारपीट के दौरान हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विवाद बिरला मैदान और ओटीसी ग्राउंड से जुड़े कुछ युवकों के बीच शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़कर मारपीट में बदल गया। दोनों गुटों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।घटना के दौरान कुछ युवकों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने से आसपास के लोग सहम गए।
गोली चलने की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना में शामिल युवकों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित