रांची , मार्च 26 -- झारखंड की राजधानी रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित 132/33 ग्रिड सब-स्टेशन में हुई सनसनीखेज डकैती कांड का पुलिस ने आज सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है।

इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है।

ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा। यह वारदात 23 मार्च की रात कोल्हया कनाद स्थित ग्रिड सब-स्टेशन में हुई थी, जहां 12 से अधिक अपराधियों ने धावा बोलकर सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों को बंधक बना लिया था। इसके बाद अपराधियों ने लाखों रुपये मूल्य के कॉपर वायर, उपकरण और नकदी लूट ली थी।

जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक रेकी की गई थी। पुलिस के अनुसार, इस पूरे कांड में कुल 15 लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिसमें कुछ लोग लूटे गए सामान के परिवहन और बिक्री में भी शामिल थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 1000 किलोग्राम किलो कॉपर तार, लूटी गई नकदी, टॉर्च सहित अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त दो ऑटो, दो मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और तार काटने के औजार भी जब्त किए गए हैं।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि लूटे गए कॉपर तार को आरोपी रंजीत मोदी समेत अन्य कबाड़ी दुकानों में बेच दिया गया था और प्राप्त राशि का आपस में बंटवारा कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में जिदु कुमार सिंह और शाहिद अंसारी का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है, जबकि अन्य आरोपियों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

इस संबंध में सहायक परिचालक विजय कुमार के आवेदन पर 24 मार्च को पिठौरिया थाना में कांड संख्या 27/26 दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित