रांची , मार्च 31 -- झारखंड के राजधानी राचीं में पुलिस ने नामकुम इलाके से 85 लाख रुपये का डोडा, 3.50 लाख के अफीम के साथ साथ ढाई लाख रुपये नकद बरामद एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन को मिली सूचना के आधार पर नशे के तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। डोडा और अफीम की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह के सदस्य मनीष तिर्की को रांची के नामकुम इलाके से गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले की जानकारी देते हुए आज रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई कि नामकुम थानान्तर्गत ग्राम-बुदरी में एक गिरोह के द्वारा अफीम एवं डोडा की तस्करी की जा रही है तथा उनके पास अवैध अफीम एवं डोडा छुपा कर रखा हुआ है।

सत्यापन के बाद की गई छापामारी के क्रम में नामकुम थाना क्षेत्र के ग्राम-बुदरी स्थित मनीष तिर्की के पक्का/कच्चा मकान से विभिन्न रंग के प्लास्टिक के बोरा में भरा हुआ डोडा कुल- 31 बोरा एवं मकान परिसर में खड़ी सफेद रंग के गाड़ी (नं0- जेएच05एएस-1583) से प्लास्टिक के बोरा में डोडा कुल चार प्लास्टिक बोरा में डोरा भरा हुआ बरामद किया गया, जिसका कुल वजन- 566.5 केजी पाया गया।

आगे की तलाशी के क्रम में मनीष तिर्की के घर के अंदर रखे अलमीरा के दराज से प्लास्टिक में पैक किया हुआ 700 ग्राम तैयार अफीम, अफीम तौलने के लिए डिजिटल मशीन, नकद रकम- 2,28,000/- रुपये, बैंक पासबुक एवं फोन बरामद किया गया। बरामद डोडा, अफीम एवं नकद रुपये के संबंध वैध कागजात की मांग करने पर मनीष तिर्की के द्वारा कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया. जिसके बाद बरामद नशे की खेप को विधिवत जब्त किया गया, साथ ही पकड़ाये व्यक्ति ने अपना नाम-पता मनीष तिर्की को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

श्री पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ में पता चला कि उसके द्वारा अत्यधिक मुनाफा कमाने की उद्देश्य से अवैध डोडा एवं अफीम के कारोबार के लिए एक सिंडिकेट बनाया गया है, जो मादक पदार्थ का अवैध कारोबार कर रहा है। इस सिंडिकेट में रांची जिला के अलावा खूंटी एवं हजारीबाग जिले के भी सदस्य शामिल है।

इस गिरोह के द्वारा अवैध व्यापार के संचालन में नकद लेन-देन के अलावे डिजिटल भुगतान/लेन-देन भी किया जाता है। गिरोह के द्वारा अवैध डोडा एवं अफीम की खरीद स्थानीय स्तर पर की जाती है तथा अन्य जिलों में इसकी सप्लाई सिंडिकेट के माध्यम से की जाती है। इस गिरोह के पास कई चारपाहिया वाहन है, जिन्हें अवैध कारोबार के लिए प्रयोग में लाया जाता है। इस गिरोह में शामिल अन्य सक्रिय सदस्यों को चिन्हित कर उनके गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है।

इस छापामारी में जब्त डोडा का अनुमानित मूल्य- 84,97,500 /- रु. एवं जब्त अफीम का अनुमानित मूल्य- 3,50,000/- रु. है. इस घटना के संबंध में पु०नि०-सह-थाना प्रभारी, नामकुम के स्वकथन के आधार पर नामकुम थाना कांड संख्या-81/26, दिनांक- 31.03.26, धारा-111(2) और (बी)/113(3)/114 बीएनएस एवं धारा-15(सी)/17(बी)/18/22 (सी)/25/29 एनडीपीएस एक्ट दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित