रांची , दिसम्बर 25 -- झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत भूसूर टीओपी के समीप गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना उस समय हुई जब मृतक सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग को लेकर मृतक के शव के साथ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और तेज रफ्तार वाहन चालक की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

सड़क जाम के कारण धुर्वा भूसूर टीओपी और आसपास के इलाकों में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही धुर्वा थाना और भूसूर टीओपी के पुलिसकर्मी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि दोषी वाहन चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी तथा मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित सहायता दिलाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित