रांची , फरवरी 09 -- ारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से 4 फरवरी से लापता 11 वर्षीय बच्ची नेहा टोप्पो का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बच्ची की तलाश को लेकर परिजन परेशान हैं, वहीं पुलिस ने आज मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टर जारी कर सूचना देने वाले को 21 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
परिजनों के अनुसार, नेहा टोप्पो 4 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे अपने घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। वह डिबडीह स्थित गिरजा टोली में अपने परिवार के साथ रहती थी। लापता होने के समय नेहा ने लाल रंग का फ्रॉक पहन रखा था। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन जब बच्ची का कहीं पता नहीं चला तो डोरंडा थाना में इसकी सूचना दी गई।
परिजनों का कहना है कि नेहा रोज की तरह घर से बाहर गई थी, लेकिन उसके वापस न लौटने से पूरे परिवार में चिंता और सदमे का माहौल है। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही डोरंडा पुलिस सक्रिय हो गई और खोजबीन शुरू कर दी गई।
पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच शुरू की है। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्ची की तस्वीर और विवरण साझा किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सूचना पहुंच सके। पुलिस को उम्मीद है कि बच्ची को जल्द ही सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
वहीं डोरंडा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी बच्ची के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत दिए गए मोबाइल नंबर 9431706168 और 6200587911 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नेहा टोप्पो मूल रूप से गोड्डा जिले की रहने वाली है। उसके पिता का नाम सीताराम टोप्पो है। उनका पैतृक घर जैतहरी डीह, पोस्ट मरयाचक (महगामा), थाना हनवारा, जिला गोड्डा में स्थित है। वर्तमान में परिवार डिबडीह क्षेत्र के गिरजा टोली में रह रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित