रांची , फरवरी 17 -- झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा में एक मामूली विवाद के बाद मर्सिडीज चला रहा शख्स आपा खो बैठा और उसने पहले एक युवक को जोरदार टक्कर मारी और फिर उसे कार की बोनट पर लटकाकर कई किलोमीटर तक सड़कों पर घसीटता चला गया।

रास्ते भर युवक जान बचाने के लिए चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपी नहीं रुका।

घटना के दौरान रास्ते में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा तो कार रोकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने जवानों पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि जवान किसी तरह बाल-बाल बच गए, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो गया।

हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने युवक को सड़क पर नहीं छोड़ा, बल्कि उसे बोनट पर लटकाए हुए सीधे अपने घर तक ले गया। वहां पहुंचकर उसने युवक को जबरन उतारा, बंधक बनाया और उसके साथ मारपीट की।

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी के ठिकाने तक पहुंचकर बंधक बनाए गए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। युवक डरा-सहमा हुआ था और उसके शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए।

पुलिस ने मौके से आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी पेशे से वकील बताया जा रहा है। घटना में इस्तेमाल की गई लग्जरी मर्सिडीज-बेंज कार को भी जब्त कर थाने ले जाया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। शहर में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं को लेकर आम लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित