रांची , फरवरी 19 -- झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का खून से सना शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

शव कोकर के पास गाड़ी गांव इलाके के पहन टोली में पड़ा मिला। लोग जब सुबह टहलने निकले तो खून से सना शव देख दंग रह गए। वहीं शव से कुछ ही दूरी पर एक बाइक भी बरामद की गई है, जिसके टायर पर खून के धब्बे दिख रहे थे। शुरुआती तौर पर यह भी माना जा रहा है कि हमलावरों ने पत्थर से कूचकर बेरहमी से हत्या की है। मौके पर पड़े खून और चोट के निशानों को देखकर पुलिस को आशंका है कि वारदात काफी क्रूर तरीके से अंजाम दी गई।

सूचना मिलते ही खेलगांव थाना और सदर थाना की पुलिस हरकत में आ गई। सदर थानेदार कुलदीप कुमार भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। थोड़ी देर बाद एफएसएल की टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लग गई।

फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस वारदात के बाद से कोकर से सटे गाड़ी गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित