रांची , जनवरी 16 -- झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुटूपालू टीओपी के पास एनएच-20 पर यात्री बस में आगजनी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना 14 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब रांची से सिलीगुड़ी जा रही बस (जेएच05सीआर-0457) सड़क हादसे का शिकार हो गई। ओरमांझी थाना प्रभारी शशि भूषण चौधरी के अनुसार, बस से सड़क पार कर रही एक युवती को टक्कर लगी। इसके बाद बुलेट पर सवार कुछ लोगों ने बस के आगे बाइक खड़ी कर दी और यात्रियों को जबरन उतार लिया। आरोपियों ने बस में तोड़फोड़ की, स्टाफ के साथ मारपीट की और आग लगा दी, जिससे पूरी बस जलकर राख हो गई। घटना के बाद एनएच पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बुलेट और मोबाइल बरामद बस मालिक असरार अंसारी की शिकायत पर कांड संख्या 05/26 दर्ज हुआ। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव की टीम ने छापेमारी की। गुप्त सूचना पर चुटूपालू गांव से उदय कुमार गंझू, प्रियांशु शर्मा, सलमान आलम और दामोदर करमाली को गिरफ्तार किया गया। सभी ओरमांझी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बुलेट (जेएच 01बीपी-3751) और एक मोबाइल फोन बरामद किया। छापामारी दल में डीएसपी अनुज उरांव, थानेदार शशि भूषण चौधरी, एसआई जय प्रकाश पासवान, एएसआई अनुप कुमार सिंह, हेमंत कुमार यादव और रिजर्व गार्ड शामिल थे। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित