, July 21 -- रांची, 21 जुलाई। झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी थाना में ट्रक छोड़ने के एवज में 25 हजार रुपये की कथित अवैध वसूली के आरोप से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने सिल्ली के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) मनीष चंद्र लाल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रारंभिक जांच में ओरमांझी थाना के मुंशी अजीत प्रथम दृष्टया आरोपों में दोषी पाए गए हैं। इसके बाद एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है।
मंगलवार को डीएसपी मनीष चंद्र लाल ने ओरमांझी थाना पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। इस दौरान थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही ड्यूटी रजिस्टर और अन्य संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गई। मामले से जुड़े पुलिसकर्मियों तथा अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद डीएसपी अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंपेंगे। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि भ्रष्टाचार या अवैध वसूली के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित