रांची , सितंबर 13 -- झारखंड की राजधानी रांची के एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार के कथित अपहरण और मारपीट के मामले में रांची पुलिस ने पांच आरोपियों को कोलकाता से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौनक सिंह राजपूत, प्रकाश गुप्ता, आयुष कुमार, प्रीतम और ज्ञानदीप के रूप में हुई है।

घटना सात सितंबर को रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, सौरभ कुमार अपने दोस्तों अमरदीप दुबे, अनमोल और रविशंकर के साथ यूनिवर्सिटी गेट के पास खड़े थे। इसी दौरान अमरदीप की जूनियर छात्र लक्की राज से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद लक्की राज ने फोन कर कुछ बाहरी युवकों को वहां बुला लिया।

शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद दो काली स्कॉर्पियो से करीब 10-12 युवक मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने अनमोल को धक्का देकर गिरा दिया और सौरभ कुमार को जबरन एक वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए।

सौरभ ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि चलती गाड़ी में उनका गला दबाने की कोशिश की गई। साथ ही मोबाइल फोन और करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एमिटी यूनिवर्सिटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने करीब दो घंटे के भीतर सौरभ कुमार को सकुशल बरामद कर लिया था।

इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें कोलकाता से गिरफ्तार किया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित