रांची , जुलाई 25 -- झारखंड की राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने शनिवार को एक दिवसीय प्रतिवाद दिवस मनाया।

प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। आइसा के झारखंड राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है और छात्रों पर बल प्रयोग अस्वीकार्य है। उन्होंने संसद मार्च के दौरान हुई कार्रवाई के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

जिला अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि छात्रों की मांगों पर सरकार को जवाबदेही के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं जिला सचिव संजना मेहता ने आरोप लगाया कि लाठीचार्ज के दौरान कई पुलिसकर्मी बिना नेम प्लेट के मौजूद थे, जो नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रतिवाद कार्यक्रम में राकेश बड़ाइक, आकाश रंजन, नौरीन अख्तर, शिव उरांव, सुहानी मेहता, शालीन कुमार, सौरभ बेदिया, ओवेद, अंकित सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित