रांची , फरवरी 07 -- झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते 19 देसी अवैध हथियार, चार अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने में प्रयुक्त उपकरणों के चार सेट बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अनगड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सीताडीह में एक व्यक्ति अवैध रूप से हथियारों का निर्माण कर उन्हें बेच रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पहले उसका सत्यापन कराया गया। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

गठित पुलिस टीम ने ग्राम सीताडीह पहुंचकर आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के विभिन्न हिस्सों से अवैध हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, हथियारों को छिपाने के लिए आरोपी ने घर के पीछे स्थित शौचालय के नीचे विशेष रूप से जगह बना रखी थी, जहां से बड़ी संख्या में हथियार और उपकरण बरामद हुए।

इस मामले में पुलिस ने नारायण लोहरा (60 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वह ग्राम सीताडीह, थाना अनगड़ा का रहने वाला है और उसके पिता का नाम स्वर्गीय कलिया लोहरा बताया गया है। मौके से पुलिस ने 19 देसी निर्मित अवैध हथियार, चार अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के चार सेट उपकरण जब्त किए हैं।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार बनाने और उनकी आपूर्ति में संलिप्त था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित