जशपुर , जून 02 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम इचकेला में 28 मई से 1 जून 2026 तक आयोजित वुमेन टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 का सफल समापन हुआ। महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में पांच टीमों ने भाग लिया। इसकी जानकारी आज मीडिया को दी गयी।
फाइनल मुकाबले में जीडी गोयंका अकादमी, रांची ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए महारानी क्रिकेट क्लब, जशपुर को पराजित कर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की गई। वहीं उपविजेता महारानी क्रिकेट क्लब जशपुर को 15 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रही रायगढ़ जिंदल क्रिकेट अकादमी (जेसीए) को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रिया को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पूरे टूर्नामेंट में कई खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीता। महारानी क्रिकेट क्लब जशपुर की बल्लेबाज आकांक्षा रानी ने जीडी गोयंका अकादमी रांची के खिलाफ 41 गेंदों में 88 रन की विस्फोटक पारी खेली।
वहीं स्टार-11 जशपुर के विरुद्ध भी उन्होंने मात्र 32 गेंदों में 88 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का परिचय दिया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 10 छक्के और 27 चौके जड़े।
सिर्फ 11 वर्ष की आस्था रानी ने अपनी घातक गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने एक मैच में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर शानदार उपलब्धि हासिल की। उस मुकाबले में उन्होंने कुल सात विकेट अपने नाम किए और अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित