नयी दिल्ली , अक्टूबर 13 -- केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी), रांची परिसर में एक छात्र की मौत की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।
मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि समिति की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी करेंगी। समिति में एक वरिष्ठ मनोचिकित्सक और शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को भी सदस्य बनाया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि संस्थान परिसर में छात्र की दुर्भाग्यपूर्ण मौत का संज्ञान लिया गया है। समिति को घटना की परिस्थितियों और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। आईआईआईटी, रांची की स्थापना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत की गयी है।
समिति संस्थान में विद्यार्थियों को उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा करेगी। इसके अलावा, संस्थागत सहायता प्रणालियों, परामर्श एवं मार्गदर्शन की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की शिकायतों के निवारण के लिए बनाये गये तंत्र का भी आकलन किया जायेगा। समिति यह भी जांच करेगी कि संबंधित दिशानिर्देशों का उचित तरीके से पालन किया जा रहा है या नहीं।
मंत्रालय के अनुसार, जांच के दौरान व्यवस्था से जुड़ी किसी भी कमी की पहचान की जायेगी। समिति विद्यार्थियों के कल्याण को मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक उपाय सुझायेगी। इसके लिए वह जरूरत के अनुसार संबंधित पक्षों से बातचीत करेगी और प्रासंगिक अभिलेखों तथा दस्तावेजों की जांच भी करेगी।
शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों और कल्याण को ध्यान में रखते हुए संस्थान का सुचारु एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए उचित अंतरिम प्रशासनिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित