सागर , मई 15 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान पर दबिश देकर लगभग 99 लीटर अवैध शराब बरामद की है। मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार वार्ड क्रमांक-दो खमरिया रहली निवासी गुड्डू उर्फ गोविंद उर्फ हरगोविंद सिंह ठाकुर के घर में अवैध शराब भंडारण की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी घर के पीछे के दरवाजे से अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने घर के कमरे से नौ कार्टन में रखी सागर गोल्ड व्हिस्की के 450 पाव तथा दो प्लास्टिक बोरियों में रखी बॉम्बे व्हिस्की के 100 पाव बरामद किए। प्रत्येक पाव 180 मिलीलीटर का पाया गया।

पुलिस ने कुल लगभग 99 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार 500 रुपये बताई गई है, जब्त कर मालखाने में जमा करा दी है। मामले में आरोपी गुड्डू उर्फ गोविंद उर्फ हरगोविंद सिंह ठाकुर के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित