पटना , अगस्त 02 -- सफाई कर्मियों के एक वर्ग के हड़ताल के बीच पटना नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। पर्याप्त संख्या में मानवबल और चालकों की कमी को लेकर आउटसोर्सिंग एजेंसियों को कड़ी चेतावनी दिए जाने के बाद एजेंसी ने कर्मियों पर कार्रवाई की है।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए चालकों की आपूर्ति करने वाली एजेंसी मॉर्यन कार्स ऑटो सर्विसेज ने हड़ताल का समर्थन करने तथा बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले दो चालकों को तत्काल प्रभाव से सेवा से मुक्त कर दिया है।
हड़ताल के बीच निगम प्रशासन द्वारा लिये गए आवश्यक निर्णयों के फलस्वरूप शहर में सफाई व्यवस्था पुन: बहाल हो रही है। रविवार सुबह शहर के विभिन्न अंचलों में कुल 26 डोर-टू-डोर वाहनों के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कचरा संग्रहण किया गया।
पाटलिपुत्र अंचल में वार्ड संख्या 1, 6, 22-बी एवं 22-सी में कुल पांच वाहनों के माध्यम से कचरा उठाव किया गया।
नूतन राजधानी अंचल में वार्ड 21 में छह तथा वार्ड 28 में एक वाहन लगाकर कचरा संग्रहण कराया गया।
बांकीपुर अंचल में वार्ड 40 के भंवर पोखर, बिरला मंदिर रोड और महबूब शाह लेन क्षेत्र से दो वाहनों द्वारा कचरा उठाया गया।
अजीमाबाद अंचल में एनएमसीएच रोड क्षेत्र में एक वाहन के माध्यम से कचरा संग्रहण किया गया।
पटना सिटी अंचल में कुल 11 वाहनों की सहायता से वार्ड 62, 66, 68, 71 एवं 72 में डोर-टू-डोर कचरा उठाव अभियान चलाया गया।
कंकड़बाग अंचल में डोर-टू-डोर वाहन के पंचर होने से सुबह की पाली में कचरा उठाव अभियान प्रभावित हुआ।
रविवार सुबह विभिन्न इलाकों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शुरू होने से रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान पर दबाव कम हुआ है। पटना नगर निगम द्वारा आने वाले दिनों में अतिरिक्त मानवबल और संसाधनों की मदद से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य करने का प्रयास जारी रहेगा।
सफाईकर्मियों की शहर की स्वच्छता, नागरिकों के स्वास्थ्य एवं सामान्य जनजीवन की निरंतरता में महत्वपूर्ण भूमिका है।
पटना नगर निगम सभी सफाईकर्मियों से अपील करता है कि वे पुनः कार्य पर लौटें। पटना नगर निगम प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवाद के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा पूर्व की भांति भविष्य में भी उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठाता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित