नयी दिल्ली , जुलाई 17 -- दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री एवं बवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने शुक्रवार को सामुदायिक भवन, पंजाब खोर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ किया।

श्री इन्द्राज ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को उसके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर केवल उपचार का केंद्र नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को डॉक्टर परामर्श, आवश्यक दवाइयाँ, लैब जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे आम नागरिकों को समय पर उपचार मिलेगा और बड़े अस्पतालों पर भी अनावश्यक दबाव कम होगा।

श्री इन्द्राज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित