जालंधर , मई 11 -- पंजाब में जालंधर के अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. ने सोमवार को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पूरे जिले में 6.50 लाख पौधे लगाये जाएंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित एक विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है, जिसके तहत जिले भर में 6.50 लाख पौधे लगाने का कार्यक्रम तैयार किया गया है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) तेजदीप सिंह सैणी भी उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत मिनी फॉरेस्ट, औषधीय पौधारोपण, फलदार और फूलदार पौधों के साथ-साथ लकड़ी प्रजाति के पौधे भी विभिन्न विभागों के पास उपलब्ध स्थानों पर लगाये जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पौधों की आपूर्ति वन विभाग द्वारा की जाएगी, जबकि पौधारोपण और उनकी देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिये कि वे पौधों की मांग सहित पौधे लगाने योग्य स्थानों का पूरा विवरण 10 दिनों के भीतर भेजें, ताकि पौधों की आपूर्ति और रोपण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि पंचायत विभाग द्वारा गांवों में उपलब्ध पंचायत भूमि पर भी जंगल विकसित किए जाएंगे, जिनकी देखरेख पंचायतों द्वारा की जाएगी।
बैठक के दौरान वन मंडल अधिकारी ने रुख संभाल नीति 2024 के तहत सभी विभागों को सरकारी और अर्ध-सरकारी जमीन पर खड़े पेड़ों की गणना करवाने के निर्देश भी दिये। बैठक में सभी एसडीएम, वन मंडल अधिकारी जरनैल सिंह, वन रेंज अधिकारी हरगुरनेक सिंह, वन ब्लॉक अधिकारी गुरबख्श राम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित